📅 12 Sep 2026
by Digital-Hatti
Flash News
12 सितम्बर 2026 सामुदायिक भवन ददाहू में केंद्रीय हाटी समिति तथा यूनिटों के पदाधिकारियों की बैठक की कार्यवाही
दिनांक 12 सितम्बर 2026, शनिवार के दिन केन्द्रीय हाटी समिति की एक महत्वपूर्ण साधारण बैठक सामुदायिक भवन ददाहू में सम्पन्न हुई, जिसमें हाटी समिति की लगभग सभी यूनिटों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया (चण्डीगढ़ यूनिट के अलावा)।
बैठक के आरंभ में गत दो वर्षों में हाटी समिति के सहयोगी रहे दिवंगत सदस्यों को मौन श्रद्धांजलि दी गई।
हाटी यूनिट ददाहू के सचिव श्री कुलदीप सिंह ठाकुर ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। बैठक का संचालन श्री मनोज कुमार, सह-सचिव केन्द्रीय हाटी समिति द्वारा किया गया।
पिछली बैठक की जानकारी तथा रचनात्मक कार्यों की रिपोर्ट
केन्द्रीय हाटी समिति के महासचिव द्वारा भंगायणी माता मन्दिर हरिपुरधार में हुई पिछली बैठक की कार्यवाही की रिपोर्ट तथा समय-समय पर केन्द्रीय हाटी समिति द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की भी जानकारी दी गई।
आय-व्यय रिपोर्ट:
हाटी समिति के कोषाध्यक्ष श्री अतर सिंह नेगी ने आय-व्यय की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। सभी यूनिटों के पास जो बचत राशि जमा है उसका भी ब्योरा दिया गया।
हाटी मुद्दा - कानूनी प्रक्रिया बारे जानकारी:
उच्च न्यायालय शिमला में हाटी जनजाति कानून पर सुनवाई के लिए हाटी समिति द्वारा किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी कर्नल नरेश चौहान (सलाहकार) तथा लीगल सेल के संयोजक श्री रण सिंह चौहान द्वारा दी गई।
कानूनी मुद्दे पर बहुत से सदस्यों, विशेष रूप से युवाओं ने प्रश्न पूछे और अपनी शंकाएं व्यक्त कीं, जिसका तथ्यों के साथ जवाब भी दिया गया। इस चर्चा में श्री सुरेन्द्र हिन्दुस्तानी, श्री अरुण समराण, श्री तपेन्द्र ठाकुर, श्री योगराज चौहान, युवा सदस्य सचिन, अनुज, तपेन्द्र, गौरव आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
हाटी समिति द्वारा सभी सदस्यों से आग्रह किया गया कि हाटी मुद्दा बहुत संवेदनशील है। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर या सार्वजनिक मंच पर जनता को भ्रमित करने वाली मनगढ़ंत बातें या अफवाहें न फैलाई जाएं। किसी भी प्रकार की आलोचना से बचा जाये, सभी सदस्य अपनी बात केन्द्रीय समिति या यूनिटों की बैठकों में ही करें। राजनीतिक बयानबाजी से भी बचें। हाटी समिति कानूनी विशेषज्ञों तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ सलाह और तालमेल बनाकर संयम और समझदारी से कार्य कर रही है और फिलहाल अपना ध्यान उच्च न्यायालय में चल रही सुनवाई पर केन्द्रित रखेगी।
शामलात भूमि का मुद्दा:
बैठक में शामलात भूमि आवंटन के मुद्दे पर उच्च न्यायालय शिमला में दायर रिट-याचिका के बारे में श्री हरदेव वर्मा, अध्यक्ष रक्षा कनैत समिति ने विस्तार से जानकारी दी। जिस पर शामलात भूमि कानून के जानकार श्री शमशेर सिंह ठाकुर ने शामलात भूमि आवंटन के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी तथा सदस्यों के सवालों के जवाब दिए।
इस मुद्दे पर श्री विजय पुण्डीर, श्री रामस्वरूप ठाकुर, श्री वीरेन्द्र ठाकुर राजगढ़ तथा डॉ. अमीचन्द कमल ने भी अपने सुझाव दिए। शामलात मुद्दे पर कानूनी पहलुओं के अनुसार विचार करने के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया गया, जिसमें:
1. श्री हरदेव वर्मा अध्यक्ष खश कनैत समिति, (राजगढ़ ब्लॉक)
2. श्री रामेश्वर सिंह ठाकुर नायब तहसीलदार (राजगढ़ ब्लॉक)
3. श्री रामभज शर्मा, से.नि. नायब तहसीलदार (शिलाई ब्लॉक)
4. श्री दौलतराम शर्मा से.नि.पटवारी (तिलौरधार ब्लॉक)
5. श्री रामस्वरूप ठाकुर, से.नि. कानून गो (संगड़ाह ब्लॉक)
6. श्री हीरासिंह नेगी से. नि.कानूनगो (पांवटा ब्लॉक)
को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। ये कमेटी शीघ्र ही एक ऑनलाइन बैठक करके आगे की रणनीति तैयार करेगी।
बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा में श्री कंवर सिंह नेगी, श्री विजय कंवर, श्री लायक सिंह शास्त्री, श्री भीम सिंह चौहान, श्री अनिल चौहान आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों के लिए हाटी यूनिट ददाहू और ब्लॉक हाटी यूनिट संगड़ाह की ओर से बहुत सुन्दर भोजन की व्यवस्था की गई थी। भोजन के उपरान्त अंत में सभी का धन्यवाद करते हुए बैठक का समापन किया गया।
बैठक की कार्यवाही सभी सदस्यों की जानकारी के लिए प्रस्तुत है। धन्यवाद 🙏
महासचिव केंद्रीय हाटी समिति गिरिपार क्षेत्र।
Related Information
Recent Posts
छत्रधारी चालदा महासू देवता की लोक आराधना
15 Apr 2026
गिरिपार क्षेत्र की पहचान हाटी सोंठ पर GI tagging के संदर्भ में कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति डॉ हरिन्दर चौधरी के साथ किलौड़ में गहन चर्चा हुई और वर्तमान में हाटी सौंठ को GI Tag प्राप्त हुआ है I
15 Apr 2026
हाटी वी एग्जीस्ट नाम की इस डाक्यूमेंट्री फिल्म को वर्ष 2020 से 2022 तक भारत , अमेरिका , चीन, फ्रांस आदि विभिन्न देशों में प्रदर्शन के दौरान 9 राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय अवार्ड मिले थे।
15 Apr 2026
3. गिरिपार क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाज सेवी और केंद्रीय हाटी समिति के महासचिव द्वारा लिखित “नशा मुक्ति चेतना गीत” का भाव सिंह कपूर, किरनेश पुंडीर और गौरव ठाकुर की उपस्थिति में प्रोमो पांवटा में हुआ जारी
09 Apr 2026
Suggested
No more related info